कुलदीप सिंह लखीमपुर खीरी।
खीरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखीमपुर–सीतापुर हाईवे पर ओयल कस्बे के गुरुद्वारे के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेहजम ब्लॉक के बहादुरपुर गांव निवासी एवं ग्राम प्रधान सुशील कुमार सिंह के बड़े भाई सुनील कुमार सिंह (48) हरगांव चीनी मिल में ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना तौल कराने के बाद गुरुवार रात लगभग 11 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान ओयल कस्बे के बेहजम तिराहे के पास उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि चालक सुनील कुमार ट्रैक्टर के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर ओयल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
इस हृदयविदारक दुर्घटना से बहादुरपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



