20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, चालक-परिचालक हिरासत में; मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता
**जेवर।** यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में चलती बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई। हादसा थाना जेवर क्षेत्र में 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुआ। बस कश्मीरी गेट, नई दिल्ली से महोबा की ओर जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, रात में बस संख्या **BR32PA8647** में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी स्थानीय पुलिस बल, रेस्क्यू टेंडर और फायर सर्विस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जेवर टोल पर तैनात फायर टेंडर के अलावा चार अन्य फायर टेंडर भी मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
पुलिस और फायर सर्विस टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस में सवार **20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया**। इसके बाद पुलिस टीम और दमकल कर्मियों ने धुएं के बीच बस के अंदर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान बस के अंदर **नौ यात्री मृत अवस्था में मिले**। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यात्रियों की मौत जलने अथवा दम घुटने के कारण हुई है।
### एसी में स्पार्क से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस के एसी में स्पार्क/ब्लास्ट होने के बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लग गई, जिसने तेजी से पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
थाना जेवर पुलिस द्वारा मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के संबंध में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर **बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लिया गया है।** पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
### मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता की घोषणा की
मुख्यमंत्री **योगी आदित्यनाथ** ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को **दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता** देने की घोषणा की है।

Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



