google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के दुल्हिनबाजार में रात में आया कॉल और सुबह मिली युवक की लहूलुहान लाश

धारदार हथियार से गोदकर हत्या

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के सिंघाड़ा गांव में एक 20 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गोदकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक युवक की पहचान सिंघाड़ा गांव निवासी मुमताज मंसूरी के 20 वर्षीय पुत्र शहजाद मंसूरी के रूप में हुई है। घर से करीब 200 मीटर दूर गांव की गली में युवक का खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।


मृतक युवक के चाचा शमशेर आलम ने बताया कि शहजाद रात में घर पर ही था। देर रात उसके मोबाइल पर किसी का कॉल आया, जिसके बाद वह बिना किसी को कुछ बताए अचानक घर से बाहर निकल गया। सुबह ग्रामीणों और परिजनों को जानकारी मिली कि घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर गांव की गली में शहजाद का शव खून से लथपथ पड़ा है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि किसी धारदार हथियार से उसके चेहरे और सिर पर कई बार वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई है। चाचा ने आशंका जताई है कि शहजाद को घर से बुलाकर उसके दोस्तों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है।


घटना की सूचना मिलते ही दुल्हिन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। उसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।


थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि युवक की हत्या किसी चाकू या धारदार हथियार से गोदकर की गई है, हालांकि वारदात में इस्तेमाल हथियार अभी तक बरामद नहीं हो सका है। पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि मृतक अक्सर अपने दोस्तों के साथ रात के समय भी इधर-उधर जाते रहता था। फिलहाल इस हत्याकांड के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजनों के बयान और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि देर रात शहजाद को किसने फोन किया था और इस हत्या के पीछे कौन लोग शामिल हैं। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)