ब्यूरो चीफ सोनभद्र/ समाज जागरण
सोनभद्र। जनपद मुख्यालय के तियरा स्टेडियम में पानी की टंकी पर एक क्षतिग्रस्त तिरंगा झंडा फहरता पाया गया है। स्वतंत्रता दिवस के बाद भी राष्ट्रीय ध्वज का यह अपमानजनक स्थिति में रहना झंडा संहिता का उल्लंघन माना जा रहा है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। यह मामला सोनभद्र जिला मुख्यालय के एकमात्र तियरा स्टेडियम का है। बताया जा रहा है कि स्टेडियम प्रशासन की अनदेखी के कारण यह तिरंगा काफी समय से क्षतिग्रस्त हालत में फहर रहा है। आज सुबह स्टेडियम में आए एक व्यक्ति ने पानी की टंकी पर फहरते इस फटे हुए तिरंगे का फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। सोशल मीडिया पर यह तस्वीरें तेजी से वायरल हो गईं, जिसके बाद लोगों ने जिलाधिकारी से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और झंडे को सम्मानपूर्वक उतरवाकर विसर्जित करवाने की मांग की है। सोशल मीडिया पर भी जिम्मेदारों के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्टेडियम आने वाले लोगों का कहना है कि यह तिरंगा महीनों से इसी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में फहर रहा है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में बच्चे और कई अधिकारी भी घूमने व रनिंग करने आते हैं, लेकिन अभी तक किसी ने भी इस फटे हुए तिरंगे को सम्मानपूर्वक उतारने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की है। यह स्थिति जिम्मेदारों की राष्ट्रीय ध्वज के प्रति उदासीनता को दर्शाती है। झंडा संहिता के अनुसार, यदि राष्ट्रीय ध्वज क्षतिग्रस्त या फटा हुआ हो, तो उसे तुरंत उतार देना चाहिए और सम्मानपूर्वक विसर्जित करना चाहिए। इस नियम का उल्लंघन राष्ट्रीय प्रतीक के प्रति अनादर माना जाता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



