google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

दुर्घटना की स्थिति में अपनों तक पहुंचेगी तुरंत सूचना, ‘मदद साथी’ लेकर आया इमरजेंसी क्यू आर*

अभय कुमार मिश्रा, दैनिक समाज जागरण, ब्यूरो चीफ, कोल्हान झारखंड

जमशेदपुर (झारखंड) 29 सितंबर 2026: जमशेदपुर सड़क दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में घायल व्यक्ति की पहचान और उसके परिजनों तक समय पर सूचना पहुंचाना अक्सर बड़ी चुनौती बन जाता है। इसी समस्या के समाधान की दिशा में फ्रेंड्स एलाइड सर्विसेज की पहल ‘मदद साथी’ ने इमरजेंसी क्यू आर की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में किसी व्यक्ति की पहचान और उसके परिवार से संपर्क की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाना है।



‘मदद साथी’ के निदेशक नितेश कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद कई बार मौके पर मौजूद लोगों को घायल व्यक्ति के परिवार के बारे में जानकारी नहीं मिल पाती। ऐसे में वाहन पर लगाया गया इमरजेंसी क्यू आर महत्वपूर्ण संपर्क माध्यम बन सकता है। क्यू आर को स्कैन करने पर संबंधित व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराई गई आवश्यक जानकारी सामने आ सकती है, जिससे परिजनों से तत्काल संपर्क करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि इमरजेंसी क्यू आर में व्यक्ति की सहमति और उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर नाम, परिवार के संपर्क नंबर, पता, फोटो और आवश्यक मेडिकल जानकारी जैसी जानकारियां उपलब्ध कराई जा सकती हैं। आपात स्थिति में यह जानकारी मौके पर मौजूद लोगों या मदद करने वाले व्यक्ति के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

नितेश कुमार सिंह ने कहा कि “एक छोटा सा QR किसी परिवार के लिए बहुत बड़ी मदद साबित हो सकता है।” उन्होंने बताया कि इस सुविधा को बाइक, स्कूटी और कार सहित विभिन्न वाहनों में इस्तेमाल करने के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों, स्कूली बच्चों और डिलीवरी कर्मियों के लिए भी उपयोगी बनाने की पहल की गई है।

उन्होंने कहा कि तकनीक का उद्देश्य केवल जानकारी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि आपात स्थिति में सही व्यक्ति तक सही समय पर सूचना पहुंचाने की व्यवस्था तैयार करना है। इसी उद्देश्य के साथ ‘मदद साथी’ इमरजेंसी क्यू आर को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)