समाज जागरण/ ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी
सोनभद्र। मेडिकल कॉलेज सोनभद्र परिसर में मंगलवार को संविदा सफाई कर्मचारियों ने वेतन संबंधी समस्याओं और बकाया भुगतान की मांग को लेकर काम बंद कर दिया। करीब 40 से 50 सफाई कर्मचारी एल-2 अस्पताल के बाहर एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। कर्मचारियों ने नई कंपनी द्वारा निर्धारित किए जा रहे वेतन को लेकर नाराजगी जताई और सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन के अनुसार भुगतान की मांग की। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि वर्ष 2022 में पिछली कंपनी ने टेंडर लिया था। उस दौरान उन्हें करीब 7,835 रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा था। कर्मचारियों के अनुसार पिछली कंपनी का करीब दो माह का वेतन अभी भी बकाया है। अब नई कंपनी ने पांच दिन पहले काम संभाला है, लेकिन कर्मचारियों का आरोप है कि अभी तक अटेंडेंस और वेतन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
कर्मचारियों का आरोप है कि नई कंपनी की ओर से करीब 8,500 रुपये से अधिक वेतन देने पर सहमति नहीं जताई जा रही है। उनका कहना है कि उन्हें बताया गया कि पिछली कंपनी के वेतन में केवल पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। कर्मचारियों के मुताबिक इससे उनका वेतन करीब 8,300 से 8,500 रुपये के आसपास ही पहुंचेगा, जबकि परिवार चलाने के लिए यह राशि पर्याप्त नहीं है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने नई कंपनी के सुपरवाइजर पर गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया।
कर्मचारियों का कहना है कि उनसे काम करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जबकि वेतन और बकाया भुगतान को लेकर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है। सफाई कर्मियों ने कहा कि पहले अधिकारियों की ओर से नई कंपनी के आने के बाद वेतन 10 से 11 हजार रुपये से कम नहीं होने का आश्वासन दिया गया था। अब पांच प्रतिशत बढ़ोतरी की बात कही जा रही है। कर्मचारियों ने कम से कम 11 हजार रुपये वेतन, महंगाई भत्ता तथा पिछली कंपनी का बकाया वेतन दिलाने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से सफाई कर्मियों से वार्ता कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। अब देखना होगा कि वार्ता के बाद कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होती है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



