google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के फुलवारी शरीफ में बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ने के लिए ‘आंगन का मिलन’ अभियान की शुरुआत


कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के फुलवारी शरीफ स्थित नया टोला उच्च विद्यालय परिसर में मंगलवार को बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, स्थानीय विधायक श्याम रजक, सांसद रविशंकर प्रसाद और समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों और उनके परिवारों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ना, प्रारंभिक शिक्षा और पोषण के प्रति जागरूकता फैलाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाना है।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को सीधे छोटे बच्चों और उनके परिवारों तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। पूरे राज्य में लगभग 1.15 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए सेविकाएं और सहायिकाएं जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि राज्य का कोई भी बच्चा कुपोषण या प्रारंभिक शिक्षा से वंचित न रहे।


मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण करें और वहां की कमियों की जानकारी सरकार तक पहुंचाएं, ताकि व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व मजबूत बनाया जा सके।


समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने जानकारी दी कि 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलने वाले इस ‘आंगन का मिलन’ अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस अभियान में जीविका दीदियां, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं और जमीनी स्तर की अन्य महिला कार्यकर्ता सीधे परिवारों से जुड़ेंगी।

बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उनकी माताओं का विश्वास जीतना और उन्हें केंद्रों की सुविधाओं व पोषण के प्रति जागरूक करना इस अभियान की प्राथमिकता है। उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए यह एक दूरदर्शी कदम है, जो भविष्य में भी जारी रहेगा।

स्थानीय विधायक श्याम रजक ने इस बड़े कार्यक्रम के लिए फुलवारी शरीफ को चुने जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान से बच्चों के पिछड़ेपन को दूर करने और जरूरतमंद परिवारों तक मदद पहुंचाने में बड़ी मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)