सीमांचल सेवा फाउंडेशन ने निबंधन विभाग के सचिव को भेजी शिकायत, नियुक्ति से लेकर मानदेय भुगतान तक के अभिलेखों की जांच कराने का किया आग्रह
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
जिला निबंधन कार्यालय कटिहार में पदस्थापित एक संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर की कथित राजनीतिक सक्रियता, कार्यालय में उपस्थिति और सरकारी मानदेय भुगतान को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इस संबंध में सीमांचल सेवा फाउंडेशन के संस्थापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सह राष्ट्रीय आरटीआई कार्यकर्ता हसीबुर रहमान ने 16 नवंबर 2026 को बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव को लिखित शिकायत भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायत में संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर हरि प्रसाद सिंह उर्फ राजा की कथित राजनीतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के साथ-साथ उनके कार्यालयीन दायित्वों के निर्वहन और उपस्थिति की जांच कराने का अनुरोध किया गया है। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि संविदा सेवा की शर्तों के तहत संबंधित कर्मी को किन राजनीतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों में शामिल होने की अनुमति है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, संबंधित कर्मी फेसबुक पर ‘Raja Singh’ नाम से प्रोफाइल संचालित करते हैं और स्वयं को वार्ड पार्षद प्रतिनिधि एवं समाजसेवी के रूप में प्रस्तुत करते हैं। शिकायत में वार्ड संख्या-30 के अंतर्गत छठ घाट निरीक्षण, नगर परिषद कर्मियों को निर्देश देने तथा दीपावली, काली पूजा और स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसरों पर सार्वजनिक गतिविधियों से जुड़ी तस्वीरों और पोस्ट का उल्लेख किया गया है।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि संबंधित कर्मी की माता दीपाली सिंह वर्ष 2022 में किशनगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या-30 से पार्षद निर्वाचित हुई थीं। इसी आधार पर शिकायतकर्ता ने सरकारी सेवा में रहते हुए संबंधित कर्मी की राजनीतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों की वैधता और सेवा शर्तों के अनुपालन की जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि संबंधित कर्मी पूर्व में जिला निबंधन कार्यालय किशनगंज में कार्यरत थे और वर्तमान में कटिहार में पदस्थापित हैं। ऐसे में उनके स्थानांतरण की तिथि से अब तक की वास्तविक कार्यालयीन उपस्थिति और कार्य निष्पादन की जांच जरूरी है।
इसके लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति, उपस्थिति पंजी, अवकाश आवेदन, स्वीकृति आदेश, कार्यालयीन लॉगिन रिकॉर्ड, कार्य निष्पादन रिपोर्ट तथा वेतन और मानदेय भुगतान से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई है। शिकायत में कहा गया है कि यदि बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित रहने और उस अवधि का मानदेय लेने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार राशि की वसूली की जाए।
शिकायत में बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियम 3 एवं 6 तथा बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के प्रावधानों के आलोक में जांच कराने का आग्रह किया गया है। हालांकि, संबंधित कर्मी संविदा पर कार्यरत बताए गए हैं। ऐसे में शिकायतकर्ता ने उनकी नियुक्ति, नियोजन आदेश, संविदा और सेवा शर्तों की जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि उन पर कौन-कौन से नियम लागू होते हैं।
सीमांचल सेवा फाउंडेशन ने कुल 11 बिंदुओं पर अभिलेखीय जांच कराने की मांग की है। इसमें नियुक्ति की वैधता, स्थानांतरण एवं योगदान प्रतिवेदन, कार्यालयीन उपस्थिति, कार्य निष्पादन, अवकाश, मानदेय भुगतान, सोशल मीडिया गतिविधियां और सरकारी संसाधनों के संभावित दुरुपयोग जैसे बिंदु शामिल हैं।
शिकायतकर्ता ने संबंधित कार्यालयीन और डिजिटल अभिलेखों को सुरक्षित रखने तथा जांच में प्रथमदृष्टया अनियमितता सामने आने पर सक्षम प्राधिकारी से नियमानुसार कार्रवाई करने का भी अनुरोध किया है। आरोप प्रमाणित होने की स्थिति में संविदा समाप्ति, सरकारी राशि की वसूली और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
इस मामले में जिला निबंधन कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर सह वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजा सिंह से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को जो शिकायत करनी थी, वह विभाग को कर चुके हैं। अखबार या अन्य किसी माध्यम पर वे इस मामले में कुछ नहीं बता सकते। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से जो भी जानकारी मांगी जाएगी, वह उपलब्ध कराएंगे।
फिलहाल मामला जांच का विषय है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग की जांच और अभिलेखों के सत्यापन के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.