सम्राट अशोक भवन में जदयू ने मनाया सुशासन दिवस, सरकार की 20 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज शहर के खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से सुशासन दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिले के प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, विधायक गोपाल अग्रवाल, जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद सहित अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार ने कहा कि पार्टी ने निर्णय लिया है कि प्रत्येक वर्ष 24 नवंबर को पर्व-त्योहार की तरह सुशासन दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 24 नवंबर 2005 को बिहार में केवल सत्ता परिवर्तन नहीं हुआ था, बल्कि राज्य की तकदीर बदलने की शुरुआत हुई थी। इसी दिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में पहली बार एनडीए की सरकार बनी थी। उन्होंने भागलपुर दंगा का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और पिछले 20 वर्षों में राज्य सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि सुशासन दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य सरकार की 20 वर्षों की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाना और उन्हें बिहार में हुए बदलावों से अवगत कराना है।
वहीं, जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद ने कहा कि सुशासन दिवस के माध्यम से आम नागरिकों को पिछले 20 वर्षों में सरकार की ओर से किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है। पार्टी का उद्देश्य विकास और सुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर जदयू नेता डॉ. राशिद मजहरी, बुलंद अख्तर हाशमी, बबलू साहा, रियाज अहमद सहित पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.