google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

महानंदा नदी में डूबे इंजीनियरिंग छात्र की तलाश जारी, SDRF चला रही सर्च अभियान

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
8 जुलाई,किशनगंज जिले के गाछपाड़ा स्थित खाड़ीबस्ती राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के एक बीटेक छात्र की महानंदा नदी में डूब जाने से पूरे कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है। घटना बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। समाचार लिखे जाने तक छात्र का शव बरामद नहीं हो सका था और SDRF की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही थी।


मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान साहिल कुमार साहनी (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पटना जिले के बिहटा निवासी हृदय कुमार के पुत्र थे। साहिल राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, खाड़ीबस्ती में बीटेक के छात्र थे और कॉलेज के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।


बताया जाता है कि बुधवार को साहिल अपने पांच दोस्तों के साथ कॉलेज के समीप बह रही महानंदा नदी में स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान वह अनजाने में गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी और वह नदी में लापता हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन और कॉलेज प्रशासन मौके पर पहुंचे। इसके बाद SDRF की टीम को बुलाया गया, जिसने नदी में व्यापक स्तर पर सर्च अभियान शुरू किया। हालांकि, नदी का जलस्तर बढ़ा होने और तेज धारा के कारण खोज अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


इस दुखद घटना से महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने, संवेदनशील घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा नियमित गश्त की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि SDRF की टीम छात्र की तलाश के लिए लगातार अभियान चला रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)