-तीन दिवसीय प्रशिक्षण डायट राबर्ट्सगंज में 27 नवंबर से होगा शुरू
समाज जागरण/ ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी
सोनभद्र। माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा और संरक्षा को लेकर शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए जिले में ‘कवच’ मॉड्यूल पर आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), राबर्ट्सगंज में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। इसमें राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के कुल 200 नामित शिक्षक प्रतिभाग करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, प्रथम चरण का प्रशिक्षण 27, 28 और 30 नवंबर को होगा। वहीं, द्वितीय चरण का प्रशिक्षण एक से तीन दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक चरण में 100 शिक्षक दो बैचों में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण का समय सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित किया गया है।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम के लिए सभी संबंधित प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को नामित शिक्षकों की निर्धारित तिथियों पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशिक्षण की सत्र योजना और अन्य व्यवस्थाओं के संचालन की जिम्मेदारी प्रशिक्षण प्रभारी एवं नोडल प्रवक्ता सौरभ सिंह को सौंपी गई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.