google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

एनसीएल के सहयोग से सोनभद्र में 4.27 करोड़ के विकास कार्यों को मिलेगी गति

ओपेन जिम, दो एम्बुलेंस और दो सीसी रोड समेत कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए हुआ एमओयू

समाज जागरण/अकबर अली

सोनभद्र। जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और जनसुविधाओं से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को गति देने के लिए एनसीएल सिंगरौली और सोनभद्र के संबंधित विभागों के बीच सीएसआर के तहत महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं के लिए एमओयू का हस्तांतरण किया गया।

इन परियोजनाओं पर कुल 426.83 लाख रुपये यानी करीब 4.27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत ओपेन जिम, दो एम्बुलेंस, दो सीसी रोड तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत सहित कई कार्य कराए जाएंगे।

बढ़ौली चौराहे के पास बनेगा ओपेन जिम

एमओयू के तहत बढ़ौली चौराहे के पास ओपेन जिम के निर्माण के लिए 96.82 लाख रुपये की परियोजना पर नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज और एनसीएल सिंगरौली के बीच समझौता हुआ है। इससे क्षेत्र के लोगों को सार्वजनिक स्थान पर व्यायाम और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं

दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए दो एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए 66 लाख रुपये की परियोजना पर डिप्टी सीएमओ और एनसीएल सिंगरौली के बीच एमओयू हुआ है। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

दो क्षेत्रों में बनेगी सीसी रोड

चतरा ब्लॉक में सेहुआं हनुमान मंदिर से अंबेडकर हरिजन बस्ती तक सीसी रोड के निर्माण के लिए 98.25 लाख रुपये की परियोजना पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और एनसीएल सिंगरौली के बीच एमओयू हुआ।

वहीं, करमा ब्लॉक में खुटहनियां बरबसपुर रोड से दूबे बगीचा तक सीसी रोड के निर्माण के लिए 95.72 लाख रुपये की परियोजना को मंजूरी मिली है। दोनों सड़कों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

कस्तूरबा विद्यालयों का होगा सुदृढ़ीकरण

कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत के लिए 70.04 लाख रुपये की परियोजना पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और एनसीएल सिंगरौली के बीच एमओयू हुआ है। इसके तहत विद्यालयों में आवश्यक सुधार एवं मरम्मत कार्य कराए जाएंगे।

डीएम ने गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से कराए जा रहे सभी कार्य सीधे जनहित और जनसुविधाओं से जुड़े हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कराया जाए। साथ ही कार्यों की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण भी सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 9 सितंबर 2026 को आयोजित सीएसआर बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में एनसीएल सिंगरौली के महाप्रबंधक के साथ विस्तृत चर्चा की गई थी। उन्होंने संबंधित विभागों को डीपीआर तैयार करने अथवा अन्य किसी समस्या के समाधान के लिए उद्यमी मित्र के माध्यम से एनसीएल सिंगरौली से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सीएसआर परियोजनाओं को धरातल पर उतारें, ताकि इनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, उपायुक्त उद्योग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डिप्टी सीएमओ, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा एनसीएल सिंगरौली के महाप्रबंधक राजीव रंजन, सीएसआर हेड राजाराम यादव तथा उद्यमी मित्र, सोनभद्र भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)