सपा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, शिक्षा-स्वास्थ्य की अनदेखी और जनविरोधी बजट पर प्रदर्शन

समाज जागरण/ ब्यूरो चीफ सोनभद्र।

सोनभद्र। मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा पेश किए गए अनुपूरक बजट के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इस बजट को जनविरोधी करार देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा।
सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है। सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने दावा किया कि भाजपा सरकार का विकास केवल कागजों तक सीमित है, जबकि अपराध, हत्या, लूट और बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रमोद यादव ने आगे कहा कि प्रदेश में शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है। उन्होंने समाजवादी सरकार के दौरान बनाए गए ट्रामा सेंटर, बर्न यूनिट और डिजिटल एक्स-रे जैसी सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में मरीजों को इन सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। सोनभद्र जैसे पिछड़े इलाकों में आम जनता विशेष रूप से परेशान है। कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस सिलेंडर, खाद्य पदार्थों और सरसों के तेल की बढ़ती कीमतों पर चिंता व्यक्त की। राजेश विश्वकर्मा ने कहा कि बेरोजगारी दर बढ़ रही है और युवा काम की तलाश में दूसरे प्रदेशों में भटकने को मजबूर हैं। प्रदर्शनकारियों ने कोडीन कफ सिरप से जुड़े मामलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपराधियों को बचाने का काम कर रही है और जहरीली सिरप के आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि माफिया के खिलाफ बुलडोजर क्यों नहीं चल रहा है। सपा कार्यकर्ताओं ने अनुपूरक बजट को किसान विरोधी, महिला विरोधी, शिक्षा विरोधी और स्वास्थ्य विरोधी बताते हुए कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का लगातार गिरना भी सरकार की नीतियों का परिणाम है। इस मौके पर सुरेश अग्रहरी, रमाशंकर खरवार, अशोक केवट, जुनैद अंसारी और विक्की कौशल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)