google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

तेघरिया गांव में जर्जर सड़क से आवागमन बाधित, आरसीसी पुल निर्माण की मांग

बरसात में जलमग्न हो जाता है इलाका, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को होती है भारी परेशानी

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
टेढ़ागाछ (किशनगंज)। टेढ़ागाछ प्रखंड की बैगना पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या दो एवं तीन स्थित तेघरिया गांव के समीप वर्षों से सड़क जर्जर और क्षतिग्रस्त रहने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तेघरिया से गिल्हनी जाने वाली कच्ची सड़क का बीच वाला हिस्सा ध्वस्त हो जाने से स्कूली छात्र-छात्राओं सहित आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।


स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दिनों में पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है। सड़क पर पानी भर जाने और बीच का हिस्सा क्षतिग्रस्त रहने से लोगों को आवागमन में काफी कठिनाई होती है। खासकर स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों को प्रखंड एवं जिला मुख्यालय सहित अन्य स्थानों तक पहुंचने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।


ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से इस समस्या के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। नारायण कुमार मांझी, सरवन कुमार मांझी, उमेश कुमार मांझी, दिनेश कुमार सिंह, श्यामलाल मांझी एवं संतोष कुमार सिंह ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तेघरिया से गिल्हनी जाने वाली सड़क का पक्कीकरण कराने तथा ध्वस्त हिस्से पर आरसीसी पुल का निर्माण कराने की मांग की है।


ग्रामीणों ने कहा कि सड़क और पुल का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने जनहित में जिला प्रशासन से जल्द आवश्यक पहल करने की मांग की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)