समाज जागरण
सोनभद्र। विकास खंड बभनी की ग्राम पंचायत बभनी के सड़कटोला में कई आदिवासी परिवारों की जमीन वरासत कराने के नाम पर धोखे से अपने नाम रजिस्ट्री कराने का आरोप दो लोगों पर लगा है। अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के हरदेव और बंश बहादुर ने वरासत कराने का झांसा देकर कई आदिवासी परिवारों को दुद्धी तहसील ले जाकर वर्ष 2023 और 2024 में उनकी जमीन अपने लोगों के नाम रजिस्ट्री करा ली।
आरोप के मुताबिक पहलू पुत्र देवनाथ की 13 बिस्वा, राजो पत्नी रामरतन की चार बीघा, रामरती पत्नी रीझन की 12 बिस्वा और उर्मिला पत्नी अजय कुमार की दो बीघा जमीन रजिस्ट्री कराई गई। वहीं लालती पत्नी रामदुलारे की जमीन भी अलग तरीके से अपने नाम कराने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीनों पर अब तक कब्जा नहीं हो पाया था। कुछ दिन पहले जब जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया, तब उन्हें रजिस्ट्री की जानकारी हुई। ग्रामीणों के अनुसार सभी जमीनें सड़क किनारे स्थित हैं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपये में है।
पीड़ितों ने बताया कि मामले की शिकायत तहसील समाधान दिवस में भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे परेशान ग्रामीणों ने रामनारायण और रमेश कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी से मामले की जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पहलू, राजो, रामरती, ललीता देवी, उर्मिला, मोहन सिंह, टहलू गोंड़, अक्षय कुमार, रामलखन, उमेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में हरदेव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सभी लोगों ने अपनी स्वेच्छा से जमीन दी है और उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। वहीं बंश बहादुर का मोबाइल फोन स्विच ऑफ होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.