जलभराव रोकने के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त कार्रवाई, ग्राउंड वॉटर रिचार्ज बढ़ाने को इंटरलॉकिंग टाइल्स भी लगाई जा रहीं
नोएडा। मानसून के दौरान नागरिकों को जलभराव और अन्य समस्याओं से राहत दिलाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने विशेष अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को जनस्वास्थ्य विभाग, सिविल विभाग और जल-सीवर विभाग की संयुक्त टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नालों और सीवर लाइनों की सफाई के साथ-साथ ग्राउंड वॉटर रिचार्ज को बढ़ावा देने के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य तेज कर दिया।

प्राधिकरण के अनुसार, बारिश के दौरान जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से नालों की नियमित सफाई कराई जा रही है, ताकि पानी का बहाव बाधित न हो और जलभराव की समस्या उत्पन्न न होने पाए।

इसके साथ ही सीवर लाइनों की भी व्यापक सफाई की जा रही है, जिससे बरसात के दौरान सीवर ओवरफ्लो जैसी समस्याओं से बचा जा सके। वहीं, वर्षा जल संरक्षण और भूजल स्तर में सुधार के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स का इंस्टॉलेशन भी कराया जा रहा है।

नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि मानसून के पूरे सीजन में जलनिकासी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
Noida #NoidaAuthority #Monsoon2026 #DrainCleaning #SewerCleaning #Waterlogging #GroundWaterRecharge #NoidaNews #UttarPradesh #RainPreparedness
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



