google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

फार्मास्युटिकल एक्सपर्ट अविनाश सौरभ ने छात्रों को समझाईं उद्योग की चुनौतियां

विशेषज्ञ व्याख्यान में अनुसंधान से लेकर दवा निर्माण और बाजार तक पहुंचने की प्रक्रिया पर हुई चर्चा, टीएमसीओपी और ऐस्कॉन हेल्थ केयर के बीच हुआ एमओयू

मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) के कॉलेज ऑफ फार्मेसी में फार्मास्युटिकल उद्योग की चुनौतियों, नवाचारों और करियर की संभावनाओं को लेकर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया। इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल और प्लेसमेंट एंड करियर सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ऐस्कॉन हेल्थ केयर, मक्सी रोड, उज्जैन (मध्य प्रदेश) के प्लांट हेड एवं टीएमयू कॉलेज ऑफ फार्मेसी के पूर्व छात्र अविनाश सौरभ ने विद्यार्थियों के साथ अपने औद्योगिक अनुभव साझा किए।

विशेषज्ञ व्याख्यान का विषय ‘फार्मास्युटिकल नवाचार से व्यावसायीकरण: उद्योग की चुनौतियां, अवसर और करियर के मार्ग’ रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को फार्मास्युटिकल उद्योग की कार्यप्रणाली, नवाचारों को व्यावसायिक उत्पाद में बदलने की प्रक्रिया और रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई।

अविनाश सौरभ ने बताया कि फार्मास्युटिकल क्षेत्र में किसी नवाचार को सफल उत्पाद बनाने के लिए अनुसंधान एवं विकास से लेकर निर्माण, गुणवत्ता परीक्षण, नियामकीय प्रक्रियाओं और बाजार तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया को समझना जरूरी है। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न मशीनों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी भी दी।

उन्होंने गुणवत्ता आश्वासन (क्यूए), गुणवत्ता नियंत्रण (क्यूसी), उत्पादन और अन्य प्रमुख विभागों की जिम्मेदारियों को व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समझाया। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला में विकसित फॉर्मूलेशन को बड़े औद्योगिक स्तर पर तैयार करना एक चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया है। इसमें उत्पादन का विस्तार, प्रक्रिया का अनुकूलन, उत्पाद की स्थिरता और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करना महत्वपूर्ण होता है।

उन्होंने बताया कि किसी फार्मास्युटिकल उत्पाद की सफलता के लिए अनुसंधान एवं विकास, उत्पादन, गुणवत्ता आश्वासन, गुणवत्ता नियंत्रण, नियामकीय मामलों और विपणन विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

सरस्वती वंदना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कॉलेज के उप प्राचार्य प्रो. मयूर पोरवाल ने विशेषज्ञ वक्ता अविनाश सौरभ का परिचय कराते हुए फार्मास्युटिकल उद्योग में उनके अनुभवों और उपलब्धियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। व्याख्यान में बी.फार्मा, फार्म-डी और एम.फार्मा के विद्यार्थियों के साथ शिक्षक एवं शोधकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन बी.फार्मा के विद्यार्थी विवेक स्वर्णकार, मिताली मधु और उनकी टीम ने किया। इस मौके पर डॉ. ललित मोहन नैनवाल सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

टीएमयू और ऐस्कॉन हेल्थ केयर के बीच हुआ एमओयू

कार्यक्रम के दौरान तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ फार्मेसी (टीएमसीओपी) और ऐस्कॉन हेल्थ केयर, उज्जैन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए गए। इसका उद्देश्य शिक्षण संस्थान और फार्मास्युटिकल उद्योग के बीच सहयोग को मजबूत करना तथा विद्यार्थियों को औद्योगिक अनुभव, कौशल विकास, नवाचार और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

टीएमयू की ओर से जॉइंट रजिस्ट्रार डॉ. वैभव रस्तोगी और ऐस्कॉन हेल्थ केयर की ओर से प्लांट हेड एवं कॉलेज ऑफ फार्मेसी के पूर्व छात्र अविनाश सौरभ ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर असिस्टेंट डायरेक्टर एकेडमिक्स डॉ. नेहा आनंद, उप प्राचार्य प्रो. मयूर पोरवाल तथा फार्मेसी कॉलेज के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल एवं प्लेसमेंट एंड करियर सेल के प्रमुख प्रो. आशीष सिंघई सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)