नोएडा मे आज की राम लीला
देव मणि शुक्ल
ब्यूरो प्रभारी
श्री सनातन धर्म राम लीला नोएडा स्टेडियम मे सीता हरण, जटायु मरण, हनुमान द्वारा लंका दहन का प्रसंग होगा ।
नोएडा सेक्टर १०७ महर्षि नगर में
महर्षि राम लीला महर्षि नगर मे आज
भगवान राम पिता से आज्ञा लेकर वनवास प्रस्थान , केवट संवाद होगा।
सेक्टर 62 श्री राम मित्र मंडल रामलीला मे आज सीता हरण, वर्षो आस लगाए बैठी शबरी राम का मिलन होगा जहां भगवान जूठे बैर खाकर, माता सबरी का उद्धार करेंगे ।
सेक्टर 46 श्री राम लखन रामलीला समिति के द्वारा आयोजित रामलीला में आज भगवान राम १४ साल के वनवास के लिए प्रस्थान करेंगे।
राम वन गमन और सीता हरण का मंचन होगा।

- बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर पुलिस की सख्ती, सैकड़ों वाहन चेक के दौरान 10 का चालान

जिला ब्यूरो चीफ/ समाज जागरण
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बभनी थाना क्षेत्र में सीसी टीम ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के मकसद से शुरू किया गया है। बभनी-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम को बभनी पुलिस की क्रिटिकल कॉरिडोर टीम ने यह अभियान चलाया। इसका मकसद सड़क दुर्घटनाओं, तेज रफ्तार और मौतों के आंकड़ों को कम करना है। साथ ही, यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाना है।
दुर्घटना वाले और संवेदनशील रास्तों को ‘क्रिटिकल कॉरिडोर’ के तौर पर चुना गया है। इन्हीं पर इन टीमों को तैनात किया गया है। टीम मुख्य मार्गों और बाजारों में दोपहिया व चारपहिया वाहनों की जांच करती है। इस दौरान बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के गाड़ी चलाने वालों पर चालान की कार्रवाई की जाती है। तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर भी सख्ती बरती जा रही है।
इसके अलावा, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की जांच की जाती है और नियम तोड़ने वाले वाहनों को जब्त किया जाता है। शनिवार रात चले इस सघन चेकिंग अभियान में सैकड़ों वाहनों की जांच की गई। इनमें से 10 वाहनों का चालान किया गया। वाहन चालकों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया गया और सुरक्षित गाड़ी चलाने के निर्देश दिए गए। इस टीम में सब इंस्पेक्टर मक्खन लाल के साथ कांस्टेबल सुधीर यादव और सुरेश कुमार शामिल थे।
- बभनी के चार गांवों में सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, डीएम से कार्रवाई की मांग

जिला ब्यूरो चीफ/ समाज जागरण
सोनभद्र। बभनी ब्लॉक के रन्दह, झनकपुर, सागसोती और मचबंधवा गांवों में रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। वे गांवों में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था से परेशान थे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस मामले में कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत बभनी के इन गांवों में तैनात सफाईकर्मी कभी ड्यूटी पर नहीं आते। वे किसी भी तरह की साफ-सफाई नहीं करते हैं, जिससे गांवों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि जब उन्होंने ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी (ADO) से इस बारे में बात की, तो उनका रवैया गैर-जिम्मेदाराना था। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों की मिलीभगत से सफाईकर्मी बिना काम किए वेतन ले रहे हैं। उनकी हाजिरी की भी कोई जांच नहीं होती। लंबे समय से सफाई न होने के कारण गांवों की हालत खराब हो चुकी है। हर जगह कचरे का ढेर लगा है, जिससे संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं और लोग लगातार बीमार पड़ रहे हैं।
पंचायत भवन परिसर और मुख्य रास्तों पर बड़ी-बड़ी घास और झाड़ियां उग आई हैं। इससे ग्रामीणों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को सांप, बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के काटने का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने कहा कि एक तरफ भारत सरकार स्वच्छता के लिए कई योजनाएं चला रही है, वहीं बभनी ब्लॉक के अधिकारी इसके उलट काम कर रहे हैं। अधिकारियों की इस लापरवाही से सरकार की छवि खराब हो रही है और जनता में गुस्सा है।
इस प्रदर्शन में पूर्व प्रधान संगठन के जिला सचिव संजय गुप्ता के साथ हरदेव, अवध बिहारी, राहुल कुमार, बालदेव, मोहरशाय, भगवान दास, विजय कुमार, बीडीसी महादेव सिंह और सोनू शर्मा जैसे ग्रामीण शामिल थे। उन्होंने जिलाधिकारी से जल्द कार्रवाई करने की मांग की। - ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने की आवाज बुलंद, दिसंबर में होगा जिला सम्मेलन

सुरक्षा, उत्पीड़न व फर्जी मुकदमों समेत टोल प्लाजा और मेडिकल सुविधाओं पर मंथन
समाज जागरण
गुरमा/ सोनभद्र। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन सोनभद्र की आवश्यक बैठक रविवार को दैनिक तरुणमित्र जनपद कार्यालय, रॉबर्ट्सगंज में जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में ग्रामीण पत्रकारों की ज्वलंत समस्याओं, पत्रकार सुरक्षा, उत्पीड़न, फर्जी मुकदमों, टोल प्लाजा, मेडिकल सुविधा तथा आगामी जिला सम्मेलन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विषम परिस्थितियों के बीच पत्रकार लगातार जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। पत्रकारों के उत्पीड़न तथा उनके ऊपर फर्जी तरीके से मुकदमे दर्ज किए जाने के मामलों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए आवश्यक स्तर पर आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया गया।इस दौरान जनपद एवं तहसील पदाधिकारियों तथा सदस्यों की मौजूदगी में संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर चर्चा हुई। बैठक में पदाधिकारियों को अंगवस्त्र एवं डायरी भेंट कर सम्मानित भी किया गया। बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष सेराज अहमद ने किया।
दिसंबर में होगा जिला सम्मेलन, बनी रूपरेखा
बैठक में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, सोनभद्र के जिला सम्मेलन को आगामी दिसंबर 2026 में आयोजित करने को लेकर विशेष रूपरेखा तैयार की गई। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक पत्रकार बंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा संगठनात्मक सहयोग प्रदान करने की अपील की गई।
बैठक में सत्यपाल तनेजा, मनमोहन शुक्ला, सेराज अहमद, अवधेश कुमार गुप्ता, रोहित कुमार त्रिपाठी, विवेकानंद मिश्रा, अमरदीप सिंह, अमर बहादुर, बद्री प्रसाद गौतम, रामकेश यादव, जयनाथ मौर्य, दुर्गेश पांडेय, राकेश कनौजिया सहित अन्य पत्रकार बंधु मौजूद रहे। - ब्लास्टिंग से क्रशर प्लांट की मशीन का हिस्सा टूटकर गिरा, मलबे में दबकर सोनभद्र के चार मजदूरों की मौत

समाज जागरण/ ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी
सोनभद्र। अहरौरा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर क्रशर प्लांट में डस्ट हटाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। क्रशर प्लांट की मशीन का एक हिस्सा अचानक टूटकर मजदूरों के ऊपर जा गिरा। मलबे में दबने से सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के एक ही गांव के चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार को चारों शव गांव पहुंचे तो पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा शनिवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ। उस समय मजदूर क्रशर प्लांट में डस्ट हटाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान हुए ब्लास्टिंग से मशीन का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया और चारों मजदूर उसके मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला। आनन-फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने अस्पताल से शवों को कब्जे में लेकर मॉर्च्यूरी भेज दिया।मृतकों की पहचान 38 वर्षीय अशोक गोंड पुत्र स्व. बसंत गोंड, 32 वर्षीय राकेश कुमार गोंड पुत्र रामजी गोंड, 32 वर्षीय लाल बहादुर बैगा पुत्र दुवारे बैगा और 30 वर्षीय दुर्योधन विश्वकर्मा पुत्र बाबूनंदन के रूप में हुई है। सभी सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गवां गांव और उसके टोलों के निवासी थे। अशोक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं। राकेश की पहली पत्नी से एक बच्चा है, जबकि वर्तमान में उसकी दूसरी पत्नी है।
लाल बहादुर बैगा मुकबा मोड़, ग्राम बड़गवां के निवासी थे। वहीं दुर्योधन विश्वकर्मा देवनई टोला के रहने वाले थे और उनके चार बच्चे हैं। चारों मजदूर रक्षाबंधन पर अपने घर आए थे और करीब एक सप्ताह पहले ही दोबारा काम करने के लिए लौटे थे। हादसे की सूचना पर मिर्ज़ापुर कमिश्नर और जिलाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। एसपी अपर्णा रजक कौशिक के मुताबिक, हादसे के समय प्लांट मालिक या कोई कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े लोगों से पूछताछ कर हादसे की जानकारी जुटाई है।
रविवार सुबह समाज कल्याण राज्यमंत्री एवं ओबरा विधायक संजीव कुमार गोंड समेत अन्य जनप्रतिनिधि मृतकों के गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। जुगैल थाना पुलिस भी परिजनों के साथ मौजूद रही। चारों शव गांव पहुंचने के बाद सोन घाट पर एक साथ 3 चिताएं जलीं जबकि अशोक को रीती रिवाज से दफनाया गया, इस दौरान माहौल बेहद गमगीन हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि खदान और क्रशर प्लांटों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण मजदूर लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं। गौरतलब है कि करीब आठ महीने पहले सोनभद्र में भी मकसूदन सिंह के क्रशर से जुड़े खदान क्षेत्र में हादसे में सात मजदूरों की मौत हुई थी। उस मामले में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अब एक बार फिर चार मजदूरों की मौत ने खनन और क्रशर इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- EMRS पिपरखंड के छः विद्यार्थियों को राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान भ्रमण का गौरवपूर्ण अवसर

जिला ब्यूरो चीफ/ समाज जागरण
सोनभद्र। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) पिपरखंड के लिए यह अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि विद्यालय के छह विद्यार्थियों आदित्य, अजीत, पी.के.आर.सी. बाबू, संगीता, नेहा एवं राधा को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली स्थित अमृत उद्यान के भ्रमण का विशेष अवसर प्राप्त हुआ है। विद्यार्थियों का यह विशेष शैक्षणिक भ्रमण 8 सितंबर 2026 को निर्धारित है।
इस शैक्षणिक एवं गौरवपूर्ण भ्रमण के लिए विद्यार्थियों के साथ विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती कल्याणी (TGT संस्कृत) एस्कॉर्ट के रूप में रहेंगी। राष्ट्रपति भवन एवं अमृत उद्यान का भ्रमण विद्यार्थियों के लिए न केवल आनंददायक, बल्कि ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी अनुभव भी होगा। इस अवसर के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय धरोहर, राष्ट्रपति भवन की गरिमा तथा अमृत उद्यान की प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक विशेषताओं को निकट से जानने का अवसर मिलेगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सोनिया आनंद ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अवसर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह अवसर उनके जीवन की एक स्मरणीय एवं प्रेरणादायी यात्रा सिद्ध होगा।
प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को अनुशासन, जिम्मेदारी एवं विद्यालय की गरिमा को बनाए रखते हुए इस यात्रा का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
EMRS पिपरखंड विद्यालय परिवार सभी चयनित विद्यार्थियों एवं एस्कॉर्ट शिक्षिका को इस गौरवपूर्ण अवसर के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करता है। - नबीनगर: यूजीसी एक्ट एवं आरक्षण के विरोध में सवर्ण समाज ने निकाली आक्रोश रैली

दैनिक समाज जागरण अनील कुमार संवाददाता नबीनगर (औरंगाबाद)
नबीनगर (बिहार)यूजीसी एक्ट एवं आरक्षण के विरोध में सवर्ण समाज द्वारा रविवार को नबीनगर में विशाल आक्रोश रैली निकाली गई।रैली की शुरुआत अनुग्रह नारायण स्टेडियम से हुई, जो बस स्टैंड, न्यू एरिया,मंगल बाजार , शनिचर बाजार, दास मोहल्ला,जनकपुर पोखरा, टंडवा रोड, पुनपुन छठ घाट,थाना रोड होते हुए बसन बीघा मोड़ तक चला।आक्रोश मार्च में लोगो द्वारा “यूजीसी वापस लो”….”जय श्री राम”…,”जय भवानी”…..”एस सी /एस टी एक्ट में सुधार”… आदि नारे लगाए जा रहे थे।इसके पूर्व वक्ताओं ने कहा कि यूजीसी का नया एक्ट सवर्ण समाज के छात्रों के साथ भेदभाव करने वाला है। सरकार से इस एक्ट को वापस लेने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि यूजीसी एक्ट और आरक्षण का सीधा असर लाखों विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों पर पड़ता है।शिक्षा नीति की सफलता इससे तय होनी चाहिए कि उससे विद्यार्थियों का भविष्य कितना सुरक्षित हुआ।रेली में बड़ी संख्या में युवा और समाज से जुड़े लोग शामिल रहे।
- कुटुंबा थाना मोड़ से 262 लीटर देशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

दैनिक समाज जागरण अनील कुमार संवाददाता नबीनगर (औरंगाबाद)
औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के थाना मोड़ के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक टेम्पो एवं एक मोटरसाइकिल से कुल 262.3 लीटर टनाका और टंच देशी शराब बरामद किया है।इस मामले में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है । गिरफ्तार तस्कर की पहचान राहुल कुमार, उम्र 23 वर्ष, पिता – बीरेन्द्र शर्मा, ग्राम – रघुनाथपुर, थाना – नबीनगर और दीपक कुमार, उम्र 28 वर्ष, पिता – जितेंद्र प्रसाद, पता – नगरपालिका क्वार्टर नंबर 19, वार्ड नं. 27, थाना डेहरी, जिला – रोहतास के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है - पुराने सेल्स टैक्स मामलों के निस्तारण की मांग, निखिल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

जीएसटी लागू होने से पहले के 20-25 वर्ष पुराने मामलों के लिए विशेष लोक अदालत आयोजित करने की मांग
लखनऊ/नोएडा। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजकर जीएसटी लागू होने से पहले के लंबित सेल्स टैक्स मामलों के समाधान के लिए विशेष लोक अदालत या एकमुश्त समाधान व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
निखिल अग्रवाल ने अपने पत्र में कहा कि प्रदेश के अनेक व्यापारी आज भी जीएसटी लागू होने से पहले के सेल्स टैक्स से संबंधित पुराने मामलों और नोटिसों के कारण परेशान हैं। कई व्यापारियों को 20 से 25 वर्ष पुराने मामलों के नोटिस मिलने से चिंता और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कई मामलों में मूल कर अथवा मूल डिमांड की राशि काफी कम थी, लेकिन वर्षों से ब्याज और अन्य देनदारियां जुड़ने के कारण वर्तमान में यह राशि काफी बढ़ गई है। दशकों पुराने मामलों में पुराने रिकॉर्ड, बिल और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराना भी व्यापारियों के लिए मुश्किल हो गया है।
विशेष लोक अदालत की मांग
प्रदेश उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की कि जीएसटी लागू होने से पूर्व के सभी लंबित सेल्स टैक्स मामलों के लिए विशेष लोक अदालत आयोजित की जाए। इसके तहत वास्तविक मूल देयता का निर्धारण कर व्यापारियों को एकमुश्त निश्चित राशि जमा करने का अवसर दिया जाए।
पत्र में वर्षों से बढ़ रहे ब्याज और अन्य अतिरिक्त देनदारियों में उचित राहत देने तथा निर्धारित राशि जमा करने वाले व्यापारियों के मामलों को पूर्ण एवं अंतिम रूप से समाप्त करने की मांग की गई है।
निखिल अग्रवाल ने विशेष रूप से 20-25 वर्ष पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने की मांग रखी। साथ ही जिन मामलों में विभाग या व्यापारियों के पुराने रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हैं, उनमें अनावश्यक उत्पीड़न से राहत देने की अपील की गई है।
व्यापारियों और सरकार के बीच विश्वास मजबूत होने की उम्मीद
निखिल अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लाखों व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। यदि जीएसटी से पहले के पुराने मामलों का एकमुश्त और न्यायसंगत समाधान कर दिया जाता है, तो व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी और विभाग के लंबित मामलों का भी निस्तारण हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि इससे सरकार और व्यापारी समाज के बीच विश्वास और मजबूत होगा तथा व्यापारी दशकों पुराने मामलों से मुक्त होकर अपने कारोबार पर बेहतर ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की ओर से मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि पुराने सेल्स टैक्स मामलों के समाधान के लिए विशेष लोक अदालत अथवा एकमुश्त समाधान योजना शुरू करने की दिशा में जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
- केन्द्रीय आर्य युवक परिषद का 48वां स्थापना दिवस एवं स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह संपन्न

‘हम और आप ही भारत और दुनिया को बदलेंगे’ : डॉ. अशोक चौहान
स्वामी श्रद्धानंद को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग : अनिल आर्य
नई दिल्ली। केन्द्रीय आर्य युवक परिषद के 48वें स्थापना दिवस एवं स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को आर्य समाज ग्रेटर कैलाश, नई दिल्ली में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आर्य समाज के पदाधिकारियों, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
समारोह की अध्यक्षता एमिटी शिक्षण संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार चौहान ने की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को देखकर उन्हें ऊर्जा और आनंद की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने का संकल्प सभी को मिलकर पूरा करना होगा।
डॉ. अशोक चौहान ने कहा, “हम और आप ही भारत और दुनिया को बदलेंगे।” उन्होंने गुरुकुल शिक्षा और आर्य समाज की विचारधारा की सराहना करते हुए कहा कि अच्छे संस्कार बच्चों की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में युवाओं तथा संस्कारवान पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि आनंद चौहान, निदेशक, एमिटी शिक्षण संस्थान ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती का समाज सुधार में योगदान अविस्मरणीय है। आर्य समाज के लोग उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य वीरेंद्र विक्रम द्वारा यज्ञ के साथ हुआ। अजीत चौहान ने कहा कि आर्य समाज को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं की आवश्यकता है और समारोह में बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी उत्साहजनक है।
स्वामी श्रद्धानंद को भारत रत्न देने की मांग
कार्यक्रम का संचालन कर रहे केन्द्रीय आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य ने केंद्र सरकार से स्वामी श्रद्धानंद जी को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद महान समाज सुधारक थे और उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया।
अनिल आर्य ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद निर्भीक संन्यासी थे और उन्होंने जीवनभर सत्य का पालन किया। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय आर्य युवक परिषद युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाने और राष्ट्रहित की भावना विकसित करने का कार्य आगे भी जारी रखेगी।
समारोह में वैदिक विद्वान आचार्य अखिलेश्वर, गवेन्द्र शास्त्री, विनोद बंसल, श्रुति सेतिया, आचार्य विद्या प्रसाद मिश्र और रविदेव गुप्त ने भी अपने विचार रखे। आर्य नेता राजेन्द्र वर्मा ने ध्वजारोहण किया। वहीं पिंकी आर्या, प्रवीण आर्य और काशी राम आर्य ने भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आर्य युवकों का व्यायाम प्रदर्शन रहा आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में व्यायाम शिक्षक गौरव सिंह के निर्देशन में आर्य युवकों द्वारा प्रस्तुत व्यायाम प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। युवाओं ने विभिन्न व्यायाम और शारीरिक प्रदर्शन के माध्यम से अनुशासन एवं स्वास्थ्य का संदेश दिया।
समारोह में राष्ट्रीय महासचिव महेन्द्र भाई और आर्य नेता अरुण बहल ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर ज्ञानेंद्र सिंह, देवेंद्र आर्य, ओमेंद्र आर्य, यशोवीर आर्य, ओम सपरा, अनुपम आर्य, डॉ. प्रमोद सक्सेना, अरुण आर्य, कपिल बब्बर, वीरेंद्र योगाचार्य, राम कुमार आर्य, श्रीकृष्ण दहिया, रविदेव गुप्ता, राजेश मेहंदीरत्ता, धर्मपाल आर्य, दुर्गेश आर्य, प्रकाशवीर शास्त्री, सुधीर कुमार बंसल, देवेंद्र भगत, सुभाष शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
समारोह में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाए जाने के लिए प्रस्ताव भी पारित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्य समाज के सिद्धांतों, सामाजिक सुधार, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा।
- दाढ़ी बनाकर घर लौट रहे सेवानिवृत्त शिक्षक को मारी गोली, हालत गंभीर

बिना नंबर की बाइक से पहुंचे हेलमेटधारी हमलावर ने सीने में दागीं दो गोलियां, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पंकज कुमार पाठक / समाज जागरण
पदमा। पदमा थाना क्षेत्र के परतन सूर्यपूरा में रविवार सुबह एक सेवानिवृत्त शिक्षक को गोली मारने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूर्यपूरा मेडिकल चौक के समीप हुई वारदात में सेवानिवृत्त शिक्षक रामदेव प्रसाद महथा, पिता स्व. बोधराज महतो, गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रामदेव प्रसाद महथा रविवार सुबह करीब पौने नौ बजे सूर्यपूरा मेडिकल चौक के समीप दाढ़ी बनवाने गए थे। दाढ़ी बनवाने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर सवार हेलमेट पहने एक युवक उनके पास पहुंचा और कथित तौर पर दो गोलियां चला दीं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों गोलियां शिक्षक के सीने के पास से सटाकर चलाई गईं। एक गोली शरीर को पार कर गई, जबकि दूसरी गोली अंदर फंस गई। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल शिक्षक को तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शरीर में फंसी गोली को स्थानीय निजी चिकित्सक द्वारा निकाले जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि शिक्षक की स्थिति गंभीर बनी हुई बताई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हेलमेट पहने हमलावर की पहचान की जा सके।
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच पूरी होने और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात के कारणों तथा हमलावर की पहचान को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



